भारतमाला एक्सप्रेसवे पर दौड़ते ट्रेलर में लगी भीषण आग, देखते ही देखते बना आग का गोला

बालोतरा-भारतमाला एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, चलते ट्रेलर में लगी भीषण आग
डीएस सेवन न्यूज बालोतरा। बालोतरा-भारतमाला एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार से दौड़ रहे एक ट्रेलर में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रेलर आग की लपटों में घिर गया। घटना बिठुजा सरहद क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ, जिसके बाद चालक ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत वाहन रोक दिया और बाहर निकल गया। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रेलर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।

हादसे की सूचना मिलते ही बालोतरा से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रेलर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।

घटना के चलते एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया।

गनीमत रही कि चालक ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post