डीएस सेवन न्यूज नीमच। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीरन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 किलोग्राम अवैध पीसा हुआ डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल करीब 1 लाख 30 हजार रुपये का माल जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं सीएसपी किरण चौहान के निर्देशन में जीरन थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र के पास महू-नीमच रोड पर वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक पुलिस नाकाबंदी देखकर घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर बंधे एक काले प्लास्टिक के कट्टे से 30 किलोग्राम अवैध पीसा हुआ डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी विनोद पिता कारूलाल बावरी राठौर (30 वर्ष), निवासी मनासा खुर्द, थाना मल्हारगढ़, जिला मंदसौर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार जब्त डोडाचूरा और मोटरसाइकिल की कुल कीमत लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि बरामद डोडाचूरा उसे नेपालसिंह निवासी सेमली मेवाड़ द्वारा उपलब्ध कराया गया था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने नेपालसिंह को भी मामले में सह-आरोपी बनाया है। फिलहाल वह फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
जीरन पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Tags
Breaking News