चित्तौड़गढ़ घटियावली तारबंदी योजना बनी किसानों की ढाल: फसल सुरक्षित होने से बढ़ी आय, लौटा आत्मविश्वास

तारबंदी योजना बनी किसानों की ढाल: फसल सुरक्षित होने से बढ़ी आय, लौटा आत्मविश्वास
ग्रामीण सेवा शिविर एवं ग्राम रथ अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत घटियावली में कृषि विभाग की तारबंदी योजना एक किसान के लिए वरदान साबित हुई है। योजना के माध्यम से किसान की फसल को सुरक्षा मिलने के साथ उसकी आय में भी वृद्धि हुई है।

ग्राम पंचायत घटियावली निवासी कृषक रामेश्वर लाल चारण पुत्र मिट्टू लाल चारण को कृषि विभाग की तारबंदी योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 400 मीटर तारबंदी कार्य पर 4 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ। किसान को इस योजना की जानकारी कृषि विभाग के कृषि पर्यवेक्षक द्वारा ग्राम रथ अभियान के दौरान दी गई थी। जानकारी मिलने के बाद उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया और प्रशासनिक स्वीकृति मिलने पर तारबंदी का कार्य पूर्ण करवाया गया।

रामेश्वर लाल ने बताया कि पहले खेतों में जंगली जानवरों के प्रवेश से फसलों को भारी नुकसान होता था, जिससे उत्पादन प्रभावित होने के साथ आर्थिक हानि भी उठानी पड़ती थी। तारबंदी होने के बाद अब फसल पूरी तरह सुरक्षित है और नुकसान की समस्या लगभग समाप्त हो गई है। इससे उत्पादन बढ़ा है तथा परिवार की आय में भी सकारात्मक बढ़ोतरी हुई है।

कृषक ने कहा कि सरकार की इस योजना से किसानों को वास्तविक राहत मिल रही है। समय पर जानकारी, सरल आवेदन प्रक्रिया और विभागीय सहयोग के कारण उन्हें योजना का लाभ आसानी से प्राप्त हुआ। उन्होंने राज्य सरकार और कृषि विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं किसानों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार कर रही हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post