निंबाहेड़ा में काबरा टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग, 6 फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कमधज नगर स्थित काबरा टेंट हाउस के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे क्षेत्र में काले धुएं का घना गुबार फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग तुरंत सक्रिय हुआ और एक के बाद एक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। मौके से मिली ताजा जानकारी के अनुसार कुल 6 फायर ब्रिगेड वाहन आग बुझाने के अभियान में जुटे हुए हैं। इसके अलावा कई पानी के टैंकर भी बुलाए गए हैं ताकि आग पर जल्द से जल्द नियंत्रण पाया जा सके।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए क्षेत्र में भीड़ को नियंत्रित किया। आग की भयावहता को देखते हुए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोदाम में टेंट हाउस का बड़ी मात्रा में सामान रखा हुआ था। आग के कारण इस सामान को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आंकलन आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही सामने आ सकेगा।
दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने के प्रयास में जुटे हुए हैं और समाचार लिखे जाने तक राहत एवं बचाव कार्य जारी था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और संबंधित विभाग आग के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post