शर्ट के कमीज में मोबाइल छिपाकर रीट परीक्षा देने पहुंची छात्रा कोर्ट ने भेजा जेल

रीट परीक्षा में मोबाइल के साथ पहुंची छात्रा न्यायिक अभिरक्षा में भेजी गई, फॉरेंसिक जांच से खुलेगा पूरा मामला

जयपुर। रीट परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने के मामले में गिरफ्तार छात्रा हिमांशी तिवारी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। छात्रा की ओर से जमानत आवेदन भी प्रस्तुत किया गया, जिस पर सुनवाई के लिए अगली तारीख निर्धारित की गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा का यह तीसरा परीक्षा प्रयास था। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह परीक्षा में सफलता हासिल करने के उद्देश्य से मोबाइल फोन अपने साथ लेकर गई थी। जांच एजेंसियों को आशंका है कि वह प्रश्नों के उत्तर इंटरनेट, गूगल अथवा एआई की सहायता से खोजने का प्रयास करना चाहती थी।

मामला जयपुर के बड़ानाका स्थित परीक्षा केंद्र का है। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा जांच के दौरान मेटल डिटेक्टर से अलर्ट मिला था। उस समय छात्रा ने सुरक्षा कर्मियों से कहा कि मशीन की बीप उसके  शर्ट के कमीज में लगे धातु के हुक की वजह से हो रही है। छात्रा के इस जवाब के बाद उसे आगे जाने दिया गया और वह मोबाइल फोन के साथ परीक्षा हॉल तक पहुंच गई।

जांच में यह भी सामने आया है कि छात्रा कथित रूप से प्रश्नपत्र की तस्वीरें लेकर बाहर भेजने का प्रयास कर रही थी, लेकिन परीक्षा केंद्र पर लगे जैमर के कारण नेटवर्क उपलब्ध नहीं हो सका। इस वजह से वह किसी प्रकार की सामग्री बाहर भेजने में सफल नहीं हो पाई।

पुलिस ने छात्रा से प्रारंभिक पूछताछ पूरी कर ली है और इस मामले में रिमांड की मांग भी नहीं की। अब जब्त मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि मोबाइल का उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था और क्या उससे किसी प्रकार की जानकारी साझा करने का प्रयास किया गया था।
इस घटना ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बावजूद मोबाइल फोन का परीक्षा केंद्र के भीतर पहुंच जाना जांच का विषय बना हुआ है। मामले की वास्तविक स्थिति फॉरेंसिक रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post