श्री सांवलियाजी प्राकट्य स्थल मंदिर के सामने खड़े कंटेनर में ट्रक घुसा, चालक गंभीर घायल

डीएस सेवन न्यूज भादसोड़ा(चित्तौड़गढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर स्थित विश्वविख्यात श्री सांवलियाजी प्राकट्य स्थल मंदिर के सामने बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सीमेंट से भरा एक ट्रक सड़क किनारे खड़े कंटेनर-ट्रेलर के पीछे जा टकराया, जिससे ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे की क्रेन, एंबुलेंस तथा आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद चालक को क्षतिग्रस्त केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घायल चालक की पहचान भरत मेघवाल (45) पुत्र रतनलाल मेघवाल निवासी बारावदा, जिला प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार भरत मेघवाल वंडर सीमेंट से सीमेंट भरकर ओगणा की ओर जा रहा था। दुर्घटना में उसका एक पैर टूट गया तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।

प्राथमिक उपचार के लिए घायल को नेशनल हाईवे एंबुलेंस की सहायता से भादसोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चित्तौड़गढ़ स्थित श्री सांवलिया अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना परिजनों को भी दे दी गई है।

हादसे की जानकारी मिलते ही भादसोड़ा थाना के सब इंस्पेक्टर सुभाष पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था संभालते हुए क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया और मार्ग को पुनः सुचारु कराया।

दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि श्री सांवलियाजी प्राकट्य स्थल मंदिर के सामने और आसपास के क्षेत्र में अक्सर कंटेनर तथा ट्रेलर सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं। इससे हाईवे पर आवागमन प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि विशेष रूप से चित्तौड़गढ़-उदयपुर मार्ग पर खड़े भारी वाहनों के कारण सामने से आने वाले वाहनों की हेडलाइट की तेज रोशनी सीधे चालकों की आंखों पर पड़ती है, जिससे वाहन नियंत्रण खोने की आशंका बढ़ जाती है।

प्राथमिक स्तर पर यह भी चर्चा है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक चालक ने वाहन चलाने से पहले शराब का सेवन किया हो सकता है। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और चिकित्सकीय परीक्षण रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post