डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन त्रिनेत्र-02' के तहत बिजयपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार से 100 किलो 890 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान तस्कर पुलिस को चकमा देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ कार को जब्त कर अज्ञात चालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देश पर मादक पदार्थ तस्करों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान 'ऑपरेशन त्रिनेत्र-02' चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मुकुल शर्मा के पर्यवेक्षण तथा ग्रामीण वृत्ताधिकारी दिनेश सुखवाल के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 10 जुलाई 2026 की रात करीब 2 बजे बिजयपुर थाना प्रभारी रामलाल अपनी टीम के साथ रात्रि गश्त एवं स्पेशल एक्ट की कार्रवाई पर थे। इसी दौरान दुधीतलाई की ओर से तेज रफ्तार में आती एक संदिग्ध स्विफ्ट कार बस्सी की दिशा में जाती दिखाई दी। शक होने पर पुलिस ने सरकारी बोलेरो से उसका पीछा किया।
पुलिस का पीछा होते देख कार चालक वाहन को तेज गति से भगाते हुए बिजयपुर-बस्सी मार्ग से जवासिया गांव की ओर मुड़ गया। कुछ दूरी पर चालक कार को सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
कार लॉक होने के कारण पुलिस ने नियमानुसार शीशा तोड़कर वाहन को खोला और तलाशी ली। जांच के दौरान कार की पिछली सीट हटाई हुई मिली। वाहन के अंदर रखे पांच प्लास्टिक के कट्टों से कुल 100 किलो 890 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। कार पर आरजे 09 सीई 2677 नंबर अंकित मिला।
पुलिस ने बरामद अवैध अफीम डोडाचूरा और स्विफ्ट कार को जब्त कर अज्ञात चालक के खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में फरार तस्कर की तलाश की जा रही है तथा अग्रिम अनुसंधान जारी है।