हिसार में दो होटलों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, देह व्यापार के आरोप में छापा; 18 महिलाएं रेस्क्यू, संचालक-प्रबंधकों पर केस
डीएस सेवन न्यूज हिसार। हिसार पुलिस ने विद्युत नगर क्षेत्र में संचालित दो होटलों पर कार्रवाई करते हुए कथित देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 18 महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया, जबकि दोनों होटलों के संचालकों और प्रबंधकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता मदनलाल के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि विद्युत नगर स्थित होटल बलिश और ए-टू-जेड होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना की पुष्टि होने पर डीएसपी महिला सुरक्षा प्रिया शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों होटलों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक होटल का मैनेजर पुलिस को देखकर काउंटर छोड़कर भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
छापेमारी के दौरान होटल के कमरों की तलाशी ली गई, जहां कई युवक-युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस ने सभी संबंधित लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, जबकि दोनों होटलों के मैनेजरों को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कथित देह व्यापार के लिए महिलाओं को उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों से लाया जाता था। कार्रवाई के दौरान कुल 18 महिलाओं को रेस्क्यू कर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने स्पष्ट किया कि यदि किसी होटल, गेस्ट हाउस या लॉज का उपयोग देह व्यापार अथवा अन्य अनैतिक गतिविधियों के लिए किया जाता है तो उसके संचालकों, प्रबंधकों और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।