नीमच पुलिस का नशे पर दोहरा प्रहार: 4 तस्कर गिरफ्तार, डोडाचूरा और 4.5 किलो अफीम समेत लाखों की जब्ती
डीएस सेवन न्यूज नीमच। प्रदेश में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत नीमच पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ा प्रहार किया है। थाना जीरन पुलिस ने एक ओर टाटा ट्रक से 30 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, वहीं दूसरी कार्रवाई में एक आरोपी के कब्जे से 4 किलो 500 ग्राम अफीम बरामद की गई। दोनों मामलों में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जीरन निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई 7 जुलाई 2026 को महू-नीमच मार्ग स्थित हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र के पास वाहन जांच के दौरान की गई। पुलिस ने पंजाब नंबर PB-13-BH-3407 टाटा ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच में चालक सीट के पीछे रखे काले प्लास्टिक के कट्टे से 30 किलोग्राम पिसा हुआ डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक सहित मादक पदार्थ जब्त कर चालक जीता, काला सिंह और कृष्ण उर्फ रविदास को गिरफ्तार कर लिया। जब्त डोडाचूरा की कीमत करीब 90 हजार रुपये तथा ट्रक की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
इसी दिन मुखबिर की सूचना पर सीमखेड़ा फंटा, महू-नीमच हाईवे पर दूसरी कार्रवाई की गई। पुलिस को देखकर संदिग्ध गतिविधि करने वाले मंगल सिंह को पकड़कर उसकी तलाशी ली गई। बारिश के कारण आगे की कार्रवाई हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र पर पूरी की गई। आरोपी के कब्जे से कैस्ट्रोल की हरे रंग की बाल्टी में रखी 4 किलो 500 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 22 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव तथा हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र की टीम की इस कार्रवाई में उल्लेखनीय भूमिका रही।