80 वर्षीय रिटायर्ड कर्मचारी के खाते से 9.90 लाख की साइबर ठगी, कपासन पुलिस ने सीकर से आरोपी दबोचा
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ चित्तौड़गढ़ जिले की कपासन थाना पुलिस ने ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 80 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक के बैंक खाते से सिम कार्ड और ऑनलाइन बैंकिंग का दुरुपयोग कर 9 लाख 90 हजार 832 रुपये निकालने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को सीकर जिले से गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा एवं डीएसपी कपासन हरीश भारती के सुपरविजन में थानाधिकारी सुनील शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच कर आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार, ताराखेड़ी निवासी 80 वर्षीय रामचन्द्र शर्मा ने 25 जून 2026 को कपासन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका बैंक खाता एसबीआई शाखा कपासन में है। खाते की जांच करने पर उन्हें करीब 9.90 लाख रुपये कम मिले। बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि उनके नाम से नया एटीएम कार्ड जारी किया गया और एटीएम व ऑनलाइन बैंकिंग के जरिए खाते से रकम निकालकर अन्य खातों में ट्रांसफर कर दी गई।
शिकायत में पीड़ित ने बिना आवेदन के एटीएम कार्ड और ऑनलाइन बैंकिंग सुविधा शुरू किए जाने तथा एटीएम कार्ड उनके बजाय किसी अन्य व्यक्ति को सौंपे जाने को लेकर बैंक प्रबंधन और डाक वितरण से जुड़े कर्मचारी की भूमिका पर भी संदेह जताया है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी सुनील शर्मा ने एएसआई उदयलाल तथा पुलिस टीम के सदस्यों देवीलाल, राजेश कुमार और नीरज को जांच में लगाया। तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रितेश सैनी निवासी गोवर्धनपुरा, थाना सदर खाटूश्यामजी, जिला सीकर की पहचान की और 7 जुलाई को उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को संकेत मिले हैं कि यह वारदात किसी संगठित साइबर ठगी गिरोह से जुड़ी हो सकती है। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। साथ ही बैंक मैनेजर और पोस्टमैन की भूमिका की भी जांच जारी है।