राजसमंद 3 साल बाद रूपम गोल्ड लूटकांड में बड़ी राहत, पुलिस ने पीड़ित को लौटाए 30 लाख रुपये

रूपम गोल्ड लूटकांड में पीड़ित को बड़ी राहत: तीन साल बाद न्यायालय के आदेश पर 30 लाख रुपये लौटाए

डीएस सेवन न्यूज राजसमंद। वर्ष 2023 में कांकरोली स्थित रूपम गोल्ड ज्वेलरी शोरूम में हुई बहुचर्चित लूट की वारदात से जुड़े मामले में पीड़ित पक्ष को तीन साल बाद बड़ी राहत मिली है। न्यायालय के आदेश की पालना करते हुए राजसमंद पुलिस ने लूट के बाद बरामद किए गए 30 लाख रुपये मंगलवार को शोरूम संचालक संजय सोनी को विधिवत सुपुर्द कर दिए।

जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के संबंध में वृत्ताधिकारी नेत्रपाल सिंह ने बताया कि लूटकांड का खुलासा पुलिस पहले ही कर चुकी थी। मामले में मुख्य आरोपी सनी सिंह सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण बेच दिए थे, जिसके एवज में मिली 30 लाख रुपये की राशि पुलिस ने बरामद कर ली थी।

न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद कांकरोली थाना प्रभारी सरोज बैरवा एवं उनकी टीम ने सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए बरामद राशि पीड़ित पक्ष को सौंप दी। इस दौरान वृत्ताधिकारी नेत्रपाल सिंह भी मौजूद रहे।

रूपम गोल्ड ज्वेलरी के संचालक संजय सोनी ने राशि वापस मिलने पर राजसमंद पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के नेतृत्व में की गई कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने मामले का खुलासा करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और बरामदगी सुनिश्चित करने में प्रभावी भूमिका निभाई। साथ ही उन्होंने कांकरोली थाना पुलिस की पूरी टीम के प्रति भी धन्यवाद जताया।

Post a Comment

Previous Post Next Post