निंबाहेड़ा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 500 लीटर वॉश नष्ट, 30 लीटर अवैध शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़/उदयपुर, 7 जुलाई।प्रदेश में अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा क्षेत्र में आबकारी विभाग ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 500 लीटर वॉश नष्ट किया। कार्रवाई के दौरान 30 लीटर अवैध शराब भी जब्त की गई तथा मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेशभर में संचालित अभियान के तहत ईपीएफ टीम निंबाहेड़ा द्वारा की गई। विभाग का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार नाकाबंदी, दबिश और सघन गश्त की जा रही है।
इसी अभियान के तहत हनुमानगढ़ जिले के गंगागढ़, देबूघाट, दड़बली बास मौलवी तथा घग्गर बहाव क्षेत्र में आबकारी दल ने कार्रवाई करते हुए 4,500 लीटर वॉश और 8 कच्ची शराब की भट्टियां नष्ट कीं। वहीं भारतमाला एक्सप्रेस-वे स्थित नगराना टोल, संगरिया पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच भी की गई।बांसवाड़ा जिले के दानपुर और अंबापुरा क्षेत्र में अवैध हथकड़ शराब के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान 3,000 लीटर वॉश और 2 कच्ची भट्टियां नष्ट की गईं। साथ ही 35 बोतल अवैध हथकड़ शराब भी बरामद की गई।
उधर, सीकर जिले में ईपीएफ टीम सीकर एवं नागौर की संयुक्त कार्रवाई के दौरान जयपुर जंक्शन क्षेत्र की सीमा में बड़ी मात्रा में स्पिरिट एवं अवैध मदिरा जब्त की गई।
आबकारी विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक एवं आबकारी निरोधक दल संयुक्त रूप से अवैध मदिरा के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। अभियान के तहत नाकाबंदी, दबिश और नियमित गश्त आगे भी जारी रहेगी