डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। राजस्थान पुलिस के "महिला सुरक्षा संकल्प अभियान" के अंतर्गत बुधवार को मोहनलाल सुखाड़िया रंगमंच सभागार, नगर निगम उदयपुर में महिला वॉलंटियर्स के साथ संवाद एवं महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा, अधिकारों और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के नेतृत्व में किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से महिला वॉलंटियर्स, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, जनप्रतिनिधि, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, महिला अधिवक्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर महिलाओं से सीधे संवाद करते हुए महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और उनसे जुड़े कानूनों की जानकारी साझा की गई। साथ ही महिलाओं को जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर कानूनी सहायता एवं पुलिस सहयोग लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा और जनजागरूकता के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 1 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक "महिला सुरक्षा संकल्प अभियान" संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत उदयपुर पुलिस लगातार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही है।