नीमच जेल से पैरोल पर फरार एनडीपीएस आरोपी बड़ीसादड़ी में दबोचा, कार की गुप्त स्कीम से 1.215 किलो अफीम बरामद 3 तस्कर गिरफ्तार

नीमच जेल से पैरोल पर फरार एनडीपीएस आरोपी बड़ीसादड़ी में दबोचा, कार की गुप्त स्कीम से 1.215 किलो अफीम बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से 1 किलो 215 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली। गिरफ्तार आरोपियों में दो आरोपी विभिन्न एनडीपीएस मामलों में पैरोल से फरार चल रहे थे, जबकि तीसरे आरोपी के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट और वाहन चोरी के प्रकरण दर्ज हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) गजेन्द्र सिंह जोधा तथा वृत्ताधिकारी बड़ीसादड़ी हरिशचन्द्र सिंह के सुपरविजन में 30 जुलाई 2026 को थाना प्रभारी उपनिरीक्षक बाबूलाल पुलिस जाप्ते के साथ सरथला तिराहे पर नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान निकुंभ की ओर से आ रही एक मारुति स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने कार सरथला गांव की ओर मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सरकारी वाहन आगे लगाकर उसे रुकवा लिया।

पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान जोगाराम पुत्र हीराराम कलवानिया निवासी खार की बेरी, आडेल (बाड़मेर), आगे की सीट पर बैठे व्यक्ति ने हीराराम पुत्र सताराम जाणी निवासी खारिया तला (बाड़मेर ग्रामीण) तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने कुम्भाराम पुत्र रूपाराम भांबू निवासी खारिया तला (बाड़मेर ग्रामीण) के रूप में बताई।

पुलिस ने नियमानुसार कार की तलाशी ली तो डिग्गी में बने गुप्त खाने (स्कीम) से 1 किलो 215 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इसके बाद अफीम और तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त कर तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कुम्भाराम बाड़मेर ग्रामीण थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं। वह जिला कारागृह बाड़मेर से 27 जून 2026 को पैरोल पर रिहा होने के बाद से फरार चल रहा था।

दूसरा आरोपी हीराराम एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के चार मामलों में वांछित है। वह मध्यप्रदेश के नीमच जिले के थाना कनावटी क्षेत्र के एनडीपीएस प्रकरण में जिला कारागृह नीमच से पैरोल पर रिहा होने के बाद से फरार था।

वहीं तीसरे आरोपी जोगाराम के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के तीन तथा वाहन चोरी का एक प्रकरण दर्ज है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से अवैध अफीम की खरीद-फरोख्त और तस्करी के नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post