लशामगढ़ पुलिस का वाहन चोर गिरोह पर बड़ा प्रहार, 3 आरोपी गिरफ्तार; 7 चोरी की बाइक बरामद, कीमत 5.95 लाख रुपये
मध्यप्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र से चोरी हुई मोटरसाइकिलें जब्त, कई जिलों के चोरी के मामलों का खुलासा
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। जिले की शामगढ़ पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 5 लाख 95 हजार रुपये बताई गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद वाहन मध्यप्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (गरोठ) राम सनेही मिश्रा तथा एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस सफलता को हासिल किया।
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई 2026 को वाहन चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल को रोककर उसकी जांच की गई। वाहन चला रहे युवक से दस्तावेज मांगने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पूछताछ में उसने बाइक दूसरे व्यक्ति से लाने की बात कही। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन जब्त कर दोनों से पूछताछ की, जिसमें बाइक चोरी की होना सामने आया।
इसके बाद आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर कुल सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।
विवेचना के दौरान पता चला कि जब्त वाहनों में कुछ बाइक रतलाम, उज्जैन, झालावाड़ और शामगढ़ थाना क्षेत्र से चोरी हुई थीं। पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
कमलसिंह (23) निवासी ग्राम बोरवनी, थाना शामगढ़, जिला मंदसौर।
प्रधान सिंह (24) निवासी चापाखेड़ी, थाना सुवासरा, जिला मंदसौर।
प्रहलाद सिंह (23) निवासी डूंगरखेड़ी, थाना शामगढ़, जिला मंदसौर।
बरामद वाहन
पुलिस ने कुल 7 चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, जिनमें हीरो एचएफ डीलक्स, बजाज पल्सर एनएस-125, होंडा सीडी 110 ड्रीम सहित अन्य मॉडल शामिल हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत 5,95,000 रुपये आंकी गई है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय, उप निरीक्षक शिवकुमार सिंह राजावत, प्रधान आरक्षक धनपाल जाट, आरक्षक प्रेम रावत, धर्मेश बैरागी, विशाल सिंह तथा मोकम सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags
Breaking News