दलौदा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मोबाइल शॉप में चोरी का 24 घंटे में खुलासा; 7 मोबाइल और ईयर बड्स बरामद
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत दलौदा पुलिस ने मोबाइल चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए चोरी गए 7 एंड्रॉयड मोबाइल और एक ईयर बड्स बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1,33,492 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 16 जुलाई 2026 को कस्बा दलौदा स्थित पंजाब नेशनल बैंक के पीछे संचालित सोनावत मोबाइल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान से 7 एंड्रॉयड मोबाइल और एक ईयर बड्स चोरी होने की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना दलौदा में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं एसडीओपी मंदसौर ग्रामीण कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, संभावित मार्गों की जांच की तथा वैज्ञानिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से संदिग्ध की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने एक विधि का उल्लंघन करने वाले बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। उसके कब्जे से चोरी गए 7 एंड्रॉयड मोबाइल और एक ईयर बड्स बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1,33,492 रुपये है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी, प्रधान आरक्षक नारायण डाबी (आर. 352), आरक्षक सुनील यादव (आर. 820) तथा आरक्षक विजेन्द्र सिंह (आर. 739) की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई आगे बढ़ा दी है।