मंदिर से लौट रही महिला बनी चेन स्नेचरों का निशाना, पूर्व पालिका अध्यक्ष की पत्नी से सोने की चेन लूटी
डीएस सेवन न्यूज बांसवाड़ा। शहर में चेन स्नेचिंग की वारदातें लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। ताजा घटना खांदु कॉलोनी में सामने आई, जहां पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रमेश पंवार की पत्नी बदमाशों का शिकार बन गईं। बताया जा रहा है कि वह मंदिर में दर्शन करने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश उनके पास पहुंचे और गले से सोने की चेन झपटकर तेज रफ्तार से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी पूरी तैयारी के साथ आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने बिना रुके मौके से भागने में सफलता हासिल कर ली। घटना के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाकर आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। लगातार सामने आ रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं के बीच इस वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था और पुलिस गश्त की प्रभावशीलता को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।