पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 69.5 किलो डोडाचूरा और बिना नंबर की अल्टो कार जब्त 1 आरोपी गिरफ्तार

मल्हारगढ़ पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 69.5 किलो डोडाचूरा और बिना नंबर की अल्टो कार जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश मंदसौर। मध्यप्रदेश पुलिस के विशेष जनजागरूकता अभियान "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" के तहत मल्हारगढ़ थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 69.5 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की सफेद अल्टो कार भी जब्त की गई। जब्त मादक पदार्थ और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल, एसडीओपी मल्हारगढ़ पिंटू बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल रघुवंशी के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की सुबह संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान पिपलिया विशन्या और ग्राम पहेड़ा के बीच एक बिना नंबर की सफेद अल्टो कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान कार में रखे पांच कट्टों से 69.5 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। मौके से अरुण पिता समरथ चौहान (22 वर्ष), निवासी ग्राम लसुडिया कदमाला, थाना मल्हारगढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने डोडाचूरा के साथ तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार भी जब्त कर ली।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह मादक पदार्थ ग्राम लसुडिया कदमाला निवासी भारत पिता कारुलाल चौहान और उसके पुत्र विजय चौहान से लेकर आया था तथा उनके बताए अनुसार इसे पिपलियामंडी क्षेत्र में एक अन्य तस्कर तक पहुंचाने जा रहा था।

पुलिस ने इस मामले में भारत चौहान और विजय चौहान को फरार आरोपी के रूप में चिन्हित किया है। दोनों की तलाश जारी है। साथ ही गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

मल्हारगढ़ थाना पुलिस की इस कार्रवाई को "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post