पुलिस की रातभर सर्जिकल स्ट्राइक: 3 हत्या के आरोपी गिरफ्तार, 64.93 किलो डोडाचूरा जब्त, 116 वारंटी गिरफ्तार

डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। जिले में अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से मंदसौर पुलिस ने 30 जून और 1 जुलाई की दरम्यानी रात जिलेभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री टी.एस. बघेल एवं श्री रामसनेह मिश्रा के मार्गदर्शन में 450 से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।

अभियान के दौरान थाना कोतवाली पुलिस ने हत्या के मामले (अपराध क्रमांक 410/2026) में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। वहीं थाना गरोठ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 64 किलो 930 ग्राम डोडाचूरा और एक पिकअप वाहन जब्त किया।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने जिलेभर में फरार अपराधियों पर भी शिकंजा कसते हुए कुल 116 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें 69 स्थायी वारंटी शामिल हैं, जिनमें धारा 138 के 18, विद्युत अधिनियम के 32 तथा अन्य मामलों के 19 वारंटी शामिल रहे। इसके अलावा 36 गिरफ्तारी वारंटों का भी तामील कराया गया। थाना स्तर पर कोतवाली से 5, वायडी नगर से 4, नई आबादी से 2, भावगढ़ से 4, अफजलपुर से 2, नाहरगढ़ से 3, नारायणगढ़ से 1, मल्हारगढ़ से 5, सीतामऊ से 3, सुवासरा से 1, गरोठ से 1, भानपुरा से 3 तथा गांधीसागर थाना क्षेत्र से 1 गिरफ्तारी वारंटी को गिरफ्तार किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर, गुंडा और निगरानी बदमाशों की भी सघन जांच की। इस दौरान 65 निगरानी बदमाशों और 70 गुंडा व जिलाबदर बदमाशों सहित कुल 135 अपराधियों की चेकिंग की गई।
अवैध शराब के विरुद्ध भी पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए कुल 23 प्रकरण दर्ज किए और 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 95.42 लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 31,140 रुपये है, जब्त की गई। वहीं कॉम्बिंग गश्त के दौरान दर्ज 11 मामलों में 16 आरोपियों से 57.24 लीटर अवैध शराब, जिसकी कीमत 22,840 रुपये आंकी गई, भी जब्त की गई।

इसके अतिरिक्त पुलिस ने शांति भंग की आशंका में धारा 151 के तहत 14 प्रकरणों में 18 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 10 चालान बनाकर 5 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया। वहीं जुआ-सट्टा के खिलाफ 10 मामलों में 15 आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए 17,150 रुपये नकद जब्त किए गए।

मंदसौर पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post