प्लास्टिक की खाली क्रेटों के नीचे बनाई गई थी गुप्त स्कीम, हरियाणा निवासी आरोपी गिरफ्तार; पिकअप, मोबाइल और अन्य सामान जब्त
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरोठ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पिकअप वाहन में विशेष रूप से तैयार किए गए गुप्त बेस (स्कीम) से 64.930 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 1 लाख 30 हजार रुपए बताई गई है।
कार्रवाई में तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन समेत करीब 11.46 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम सनेही मिश्रा, एसडीओपी विजय कुमार यादव, प्रभारी एसडीओपी दिनेश प्रजापति तथा थाना प्रभारी उनि बलवीरसिंह यादव के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक बालमुकुंद परमार और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।
ऐसे हुआ खुलासा
30 जून 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि HR 55 T 3151 नंबर की सफेद महिंद्रा पिकअप मेलखेड़ा की ओर से बर्डिया अमरा होते हुए 8 लेन मार्ग की तरफ जा रही है। सूचना के अनुसार वाहन के डाले में प्लास्टिक की खाली क्रेटें रखी गई थीं, जबकि उनके नीचे विशेष रूप से तैयार किए गए बेस में अवैध डोडाचूरा छिपाकर ले जाया जा रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस ने खजुरीरूंडा फंटा, मेलखेड़ा-गरोठ रोड, बर्डिया अमरा पर नाकाबंदी की। संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी लेने पर खाली क्रेटों के नीचे बने गुप्त हिस्से से 64.930 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से बलदेव सिंह (36) निवासी दिवाना, जिला फतेहाबाद (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ गरोठ थाना अपराध क्रमांक 257/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले में आगे की कड़ियों की भी जांच कर रही है।
जब्त मशरूका
64.930 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा (अनुमानित कीमत 1.30 लाख रुपए)
महिंद्रा पिकअप क्रमांक HR 55 T 3151 (कीमत लगभग 10 लाख रुपए)
एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन
एक CELLECOR कंपनी का मोबाइल फोन
44 प्लास्टिक की खाली क्रेटें
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बलवीरसिंह यादव, उपनिरीक्षक बालमुकुंद परमार एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
Breaking News