ऑपरेशन 'त्रिनेत्र' के तहत बड़ी कार्रवाई: 45.390 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद, दो साल से फरार तस्कर गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत चित्तौड़गढ़ जिले की विजयपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 किलो 390 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में पिछले दो वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के पर्यवेक्षण एवं डीएसपी दिनेश सुखवाल के सुपरविजन में थाना विजयपुर पुलिस ने रविवार सुबह करीब 9:45 बजे नाकाबंदी के दौरान यह कार्रवाई की।
थानाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम विजयपुर से दुर्गीलालाई मार्ग पर मोतीमगरी क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान दुर्गीलालाई की ओर से आ रही एक बलेनो कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का संकेत मिलते ही चालक वाहन से उतरकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पीछा कर दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान कमलेश कुमार जाट (29) निवासी गोपालपुरा, थाना विजयपुर, जिला चित्तौड़गढ़ के रूप में बताई। नियमानुसार वाहन की तलाशी लेने पर कार में रखे दो प्लास्टिक के कट्टों से कुल 45 किलो 390 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी अफीम डोडाचूरा के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थ एवं तस्करी में प्रयुक्त बलेनो कार को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना विजयपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कमलेश कुमार जाट थाना बसी के एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य प्रकरण में भी पिछले दो वर्षों से फरार चल रहा था। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस अवैध मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई को थाना विजयपुर पुलिस ने विशेष अभियान 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Tags
Breaking News