कनघट्टी ग्रिड पर मेंटेनेंस के दौरान आउटसोर्स कर्मचारी करंट की चपेट में, हालत गंभीर; बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद रेफर
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। जिले में बिजली वितरण कंपनी के आउटसोर्स कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पिपलिया मंडी क्षेत्र के ग्राम कनघट्टी स्थित ग्रिड पर मेंटेनेंस कार्य के दौरान एक आउटसोर्स कर्मचारी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल कर्मचारी का पहले मंदसौर के एक निजी अस्पताल में उपचार कराया गया, जिसके बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद ले गए।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम कनघट्टी ग्रिड पर नियमित मेंटेनेंस का कार्य चल रहा था। इसी दौरान 25 वर्षीय गोपाल कुमावत, पिता ओंकारलाल कुमावत, अचानक करंट की चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
बताया गया है कि करंट लगने से गोपाल के हाथ, पेट, सीना, कमर और कंधे सहित शरीर के कई हिस्से गंभीर रूप से झुलस गए। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर होने पर बेहतर उपचार की सलाह दी। इसके बाद रविवार दोपहर परिजन उन्हें अहमदाबाद के अस्पताल लेकर रवाना हो गए।
गौरतलब है कि बिजली वितरण कंपनी में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ कार्य के दौरान करंट लगने की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों के बाद कार्यस्थल पर सुरक्षा इंतजामों और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता को लेकर फिर से चर्चा शुरू हो गई है।