रावतभाटा में CBN की बड़ी कार्रवाई: 4.150 किलो अवैध अफीम के साथ कार जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज कोटा/चित्तौड़गढ़। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने "नशा मुक्त भारत अभियान" के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चित्तौड़गढ़ जिले की रावतभाटा तहसील क्षेत्र से 4.150 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक कार को जब्त किया गया, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
उप नारकोटिक्स आयुक्त, कोटा नरेश बुन्देल ने बताया कि सीबीएन को सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश पंजीयन की एक कार में दो व्यक्ति अवैध अफीम लेकर एकलिंगपुरा-गांधीसागर रोड से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर सीबीएन, कोटा की टीम का गठन किया गया और 7 जुलाई 2026 को एकलिंगपुरा-गांधीसागर रोड पर माइलस्टोन 25/075 के पास निगरानी कर संदिग्ध कार को रोक लिया गया।
सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए वाहन की मौके पर तलाशी लेने के बजाय उसे सीबीएन कार्यालय, कोटा लाया गया। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत तलाशी लेने पर कार से कुल 4.150 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
सीबीएन ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद बरामद अफीम और कार को जब्त कर लिया। वहीं, दोनों आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।