स्पा सेंटर पर पुलिस की रेड, 3 युवतियां और 2 युवक पूछताछ के लिए थाने पहुंचे

फतेहाबाद में स्पा सेंटर पर पुलिस की कार्रवाई, जांच के दौरान 3 युवतियां और 2 युवक थाने ले जाए गए

डीएस सेवन न्यूज फतेहाबाद शहर के हुडा सेक्टर स्थित एक स्पा सेंटर पर मंगलवार को सिटी थाना पुलिस ने जांच कार्रवाई की। थाना प्रभारी सुरेंद्र के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने स्पा सेंटर की गहन पड़ताल की और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की।

कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर में तीन युवतियां और दो युवक मिले। पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए सिटी थाना लेकर गई। इस दौरान स्पा सेंटर के दस्तावेजों के साथ वहां संचालित गतिविधियों की भी जांच की गई।

पुलिस की कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में हलचल का माहौल बन गया। कुछ ही देर में स्पा सेंटर के बाहर लोगों की भीड़ भी एकत्र हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस को शराब ठेके के ऊपर संचालित इस स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियां होने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, स्पा सेंटर की जांच की गई है तथा वहां मौजूद तीन युवतियों और दो युवकों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधि सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post