धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी CJP, आज देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान; जंतर-मंतर से उठी आवाज अब पूरे देश में गूंजेगी
डीएस सेवन न्यूज नई दिल्ली। सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त होने के बावजूद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अपने रुख पर कायम है। पार्टी ने आज देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का ऐलान करते हुए कई जिलों और शहरों में लोगों से एकजुट होकर विरोध दर्ज कराने की अपील की है।
CJP ने इस संबंध में एक पोस्टर भी जारी किया है, जिसमें "Every District, One Day, One Demand" का नारा दिया गया है। पार्टी का कहना है कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से नहीं हटाया जाता।
पार्टी ने अपने आह्वान में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ हुई कथित मारपीट के विरोध में भी लोगों से शामिल होने की अपील की है।
गौरतलब है कि जंतर-मंतर पर छात्र 20 जून से नीट पेपर लीक मामले को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे पहले प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर से संसद भवन तक मार्च करने की भी कोशिश की थी।
अब यह आंदोलन दिल्ली तक सीमित नहीं रहा। मुंबई, बिहार और मिजोरम समेत कई राज्यों से भी प्रदर्शन की तस्वीरें सामने आ चुकी हैं। CJP का दावा है कि आंदोलन का दायरा लगातार बढ़ रहा है और आज का देशव्यापी प्रदर्शन उसी अभियान का अगला चरण है।
पार्टी का कहना है कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पूरी होने तक आंदोलन और विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा।