जयपुर में कांग्रेस प्रदर्शन के दौरान डोटासरा का पुलिस-प्रशासन पर तीखा हमला, बोले— ढाई साल बाद हिसाब होगा" पुलिस कर रही है बीजेपी के कार्यकर्ता के रूप में काम

जयपुर में कांग्रेस प्रदर्शन के दौरान डोटासरा का पुलिस-प्रशासन पर तीखा हमला, बोले— "ढाई साल बाद हिसाब होगा" पुलिस कर रही है बीजेपी के कार्यकर्ता के रूप में काम 

डीएस सेवन न्यूज जयपुर। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को प्रधानमंत्री आवास के पास धरना देने से रोकने और हिरासत में लेने की घटना के विरोध में कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने केंद्र सरकार और पुलिस कार्रवाई पर तीखा हमला बोला।

टीकाराम जूली ने कहा कि लोकतंत्र में छात्रों और महिलाओं के साथ इस तरह का व्यवहार निंदनीय है। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में देरी, पेपर लीक की घटनाओं और छात्रों की आत्महत्याओं को गंभीर मुद्दा बताते हुए केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में 150 से अधिक पेपर लीक हुए, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। जूली ने कहा कि अब फास्ट ट्रैक प्रक्रिया की बात करना इस बात का प्रमाण है कि पहले युवाओं के हितों की अनदेखी की गई।

उन्होंने प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई का भी जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कई छात्रों और महिलाओं के साथ मारपीट की गई, लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए। उन्होंने कहा कि देश इन घटनाओं का जवाब मांग रहा है और युवा इसे भूलने वाले नहीं हैं।

वहीं, जयपुर में कांग्रेस प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर भाजपा के कार्यकर्ता की तरह काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर ऐसे अधिकारियों का हिसाब किया जाएगा। डोटासरा ने कहा कि जिन अधिकारियों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्रों के साथ दुर्व्यवहार किया है, उन्हें भविष्य में इसका जवाब देना होगा।

डोटासरा के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया। उनके बयान को लेकर अब सियासी बहस तेज हो गई है और इसे लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post