उदयपुर जगन्नाथ रथयात्रा से पहले निगम का एक्शन, देहलीगेट-धानमंडी मार्ग से हटाया अतिक्रमण 2 ट्रैक्टर सामान जब्त

जगन्नाथ रथयात्रा से पहले निगम का एक्शन, देहलीगेट-धानमंडी मार्ग से हटाया अतिक्रमण, दो ट्रैक्टर सामान जब्त

डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। भगवान जगन्नाथ स्वामी की रथयात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और बाधारहित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने बुधवार को शहर के प्रमुख मार्गों पर विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में देहलीगेट, घांचीवाड़ा, तीज का चौक और धानमंडी क्षेत्र से सार्वजनिक मार्गों पर रखे गए अवैध सामान को हटाते हुए दो ट्रैक्टर सामग्री जब्त की गई।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि गुरुवार को निकलने वाली भगवान जगन्नाथ स्वामी की रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए रथयात्रा मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत नगर निगम ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाकर सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर रखे गए अवैध सामान, अस्थायी अतिक्रमण तथा यातायात में बाधा बन रही सामग्री को हटाया।

अभियान का नेतृत्व नगर निगम के पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी ने किया। कार्रवाई के दौरान व्यापारियों और दुकानदारों को सार्वजनिक मार्गों पर दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई। साथ ही स्पष्ट किया गया कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जब्ती के साथ नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा।

कार्रवाई के दौरान धानमंडी थाना पुलिस का पर्याप्त जाब्ता भी मौके पर मौजूद रहा, जिससे अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। निगम का कहना है कि इस पहल से रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी और यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहेगी।

अभियान के दौरान देहलीगेट स्थित राजलक्ष्मी मिष्ठान भंडार के बाहर सार्वजनिक स्थान पर रखी लोहे की बेंच पर दो गैस भट्टियों के माध्यम से खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी। मुख्य बाजार में लगातार रहने वाली भीड़ को देखते हुए इसे सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर माना गया। इस पर निगम टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों गैस भट्टियों और बेंच को जब्त कर लिया।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने शहरवासियों, व्यापारियों और आमजन से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान प्रशासन का सहयोग करें तथा सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। उन्होंने कहा कि शहर की व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि नगर निगम द्वारा इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post