फोन कर युवती को परेशान करना पड़ा भारी, डूंगरपुर में दो सगे भाई कांस्टेबल निलंबित
डीएस सेवन न्यूज डूंगरपुर | राजस्थान के डूंगरपुर जिले में पुलिस विभाग से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसमें एक युवती को लगातार फोन कर परेशान करने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए दोनों कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत कर आरोप लगाया कि कांस्टेबल वीपेंद्र सिंह और जितेंद्र सिंह उसे बार-बार फोन कर मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे। युवती का कहना है कि उसने कई बार दोनों को फोन नहीं करने के लिए स्पष्ट रूप से मना किया, लेकिन इसके बावजूद कथित रूप से लगातार कॉल किए जाते रहे।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने पूरे मामले का संज्ञान लिया और प्राथमिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
बताया गया है कि दोनों आरोपी आपस में सगे भाई हैं। इनमें जितेंद्र सिंह की तैनाती चीतरी थाना क्षेत्र में थी, जबकि वीपेंद्र सिंह रिजर्व पुलिस लाइन में पदस्थ था। जानकारी के अनुसार, वीपेंद्र सिंह का हाल ही में कांस्टेबल से हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नति भी हुई थी।
निलंबन अवधि के दौरान दोनों का मुख्यालय पुलिस लाइन निर्धारित किया गया है। विभागीय जांच की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिसकर्मियों से अनुशासित और जिम्मेदार आचरण की अपेक्षा की जाती है। यदि कोई कर्मचारी अपने पद की गरिमा के विपरीत आचरण करता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की विभागीय जांच जारी है।