रवि माली हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी समेत 4 गिरफ्तार

रवि माली हत्याकांड का खुलासा: मुख्य आरोपी समेत 4 गिरफ्तार, भाई की हत्या का बदला लेने के लिए रची थी साजिश
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। शहर के बहुचर्चित रवि माली हत्याकांड में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन वयस्क और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक पूछताछ में हत्या की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जांच आगे बढ़ने के साथ कुछ और लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

27 जून 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि जग्गाखेड़ी रोड स्थित अभिनंदन कच्चे मार्ग पर एक युवक गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कर्मचारी कॉलोनी निवासी रवि माली के रूप में हुई।

मृतक के भाई सुमित माली की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत यश उर्फ यशवंत माली, आकाश वर्मा, विकास वर्मा, राज वर्मा सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में छह लोगों की संलिप्तता की जानकारी मिली। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने मंदसौर के अलावा रतलाम, इंदौर, प्रतापगढ़ और नीमच सहित कई स्थानों पर लगातार दबिश दी। इसी दौरान एक नाबालिग आरोपी को इंदौर से पकड़ा गया।

इसके बाद सक्रिय मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय वर्मा, आशीष वर्मा और संदीप उर्फ दिलीप उर्फ काला वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब ढाई महीने पहले उनके भाई अरुण वर्मा की हत्या युवराज माली और उसके साथियों ने की थी। उसी रंजिश के चलते उन्होंने युवराज माली के पिता रवि माली की हत्या की साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में शेष आरोपियों की तलाश लगातार जारी है तथा जांच के दौरान अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

अजय वर्मा (31), निवासी नरसिंहपुरा, मंदसौर

आशीष वर्मा (29), निवासी नरसिंहपुरा, मंदसौर

संदीप उर्फ दिलीप उर्फ काला वर्मा (25), निवासी जोगीखेड़ा, थाना अफजलपुर, जिला मंदसौर

एक नाबालिग निवासी नरसिंहपुरा, मंदसौर


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह भास्कर के निर्देशन तथा थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की। कार्रवाई में थाना कोतवाली एवं साइबर सेल के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post