राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत तैयार की गई ओडिशा की नई स्कूली किताबों को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले हजारों गलतियों को लेकर सवाल उठे थे और अब आठवीं कक्षा की कला शिक्षा की किताब 'कृति' में बॉलीवुड फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' से लोकप्रिय हुए 'निंबूड़ा-निंबूड़ा' गीत के बोल शामिल किए जाने पर नया विवाद खड़ा हो गया है।
आठवीं कक्षा की इस किताब के "मो संगीत जगत" अध्याय में पूरे राजस्थानी लोकगीत 'निंबूड़ा-निंबूड़ा' के बोल दिए गए हैं। यह गीत मूल रूप से एक पारंपरिक राजस्थानी लोकगीत है, जिसे साल 1999 में आई बॉलीवुड फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' के जरिए देशभर में बड़ी पहचान मिली थी। इतना ही नहीं, इसी अध्याय में 'रिंद पोश माल' गीत के बोल भी शामिल किए गए हैं, जिसे बॉलीवुड फिल्म 'मिशन कश्मीर' के जरिए लोकप्रियता मिली थी।
इन गीतों को किताब में शामिल किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई है। कई सोशल मीडिया यूजर्स, छात्र और अन्य लोग सवाल उठा रहे हैं कि ओडिशा की स्कूली किताब में राज्य के ओड़िया लोकगीतों या शास्त्रीय संगीत को प्राथमिकता दी जानी चाहिए थी। कई लोगों का कहना है कि स्थानीय संस्कृति और परंपरा को बढ़ावा देने वाले गीतों को पाठ्यक्रम में जगह मिलनी चाहिए।
Tags
Breaking News