नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन: सिवान में AK-47 से हवाई फायरिंग करने वाला जवान निलंबित, वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई
डीएस सेवन न्यूज नीट पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को बिहार बंद के दौरान हुए उग्र प्रदर्शन के बीच सिवान में AK-47 से हवाई फायरिंग करने वाले जवान को निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले का संज्ञान लिया और तत्काल प्रभाव से संबंधित जवान को सस्पेंड कर दिया। जवान की पहचान एसआईटी टीम में तैनात अभिषेक पटेल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह बड़ी संख्या में छात्र और प्रदर्शनकारी सिवान के गांधी मैदान में एकत्रित हुए। कुछ ही देर में प्रदर्शन उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में हंगामा किया, पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ी और गांधी मैदान व जेपी चौक के पास पुलिस पर पथराव किया।
पथराव के दौरान सिवान के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पुराण कुमार झा घायल हो गए। उनके पैर में चोट आई। वहीं कई पुलिसकर्मी और ड्यूटी पर मौजूद पत्रकार भी पथराव की चपेट में आने से घायल हुए।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। भीड़ के नहीं मानने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और बाद में आंसू गैस के गोले छोड़कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया।
इसी दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक जवान AK-47 से हवाई फायरिंग करता दिखाई दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस कार्रवाई पर सवाल उठे। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस मुख्यालय ने विभागीय जांच शुरू की और संबंधित जवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
Tags
Breaking News