होटल में शादी का झांसा देकर युवती से जबरन संबंध, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 15 लाख के सोने के जेवर ऐंठे; आरोपी गुजरात से गिरफ्तार

होटल में शादी का झांसा देकर युवती से जबरन संबंध, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 15 लाख के सोने के जेवर ऐंठे; आरोपी गुजरात से गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। वायडी नगर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए युवती से दोस्ती कर उसे ब्लैकमेल करने के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सिरोही, राजस्थान से करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गोपाराम उर्फ गोपाल उर्फ राजवीर पिता सवाराम देवासी, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम कानाकोलर, थाना शिवगंज, जिला सिरोही, राजस्थान है।

मामले की शिकायत 18 जुलाई 2026 को मंदसौर निवासी पीड़िता ने परिजनों के साथ वायडी नगर थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार पीड़िता की सोशल मीडिया के माध्यम से प्रतापगढ़ निवासी राजवीर से बातचीत शुरू हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। इसके बाद आरोपी उससे मिलने मंदसौर आया और होटल में कमरा लेकर शादी करने का भरोसा देकर उसकी बिना मर्जी के शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता के अनुसार कुछ दिन बाद आरोपी ने उसे बताया कि होटल में बने वीडियो होटल संचालक के पास हैं और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपये या सोने की मांग की जा रही है। आरोप है कि आरोपी ने इसी बात का डर दिखाकर पीड़िता से सोने के आभूषण और रुपये की मांग की। वीडियो वायरल होने के डर से पीड़िता ने घर में रखे सोने के आभूषण आरोपी को दे दिए।

पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर वायडी नगर थाने में अपराध क्रमांक 316/2026 के तहत धारा 69, 308(2), 351(3) और 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश करते हुए उसे सूरत, गुजरात से गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर सिरोही, राजस्थान से पीड़िता से लिए गए सोने के आभूषण बरामद किए गए। बरामद आभूषणों में सोने की 4 चूड़ियां, 4 अंगूठियां, 5 मांदलिया, 1 हार, 1 मंगलसूत्र, 1 सोने की चेन और 1 जोड़ी कान की झुमकियां शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार महिला संबंधी अपराध को गंभीरता से लेते हुए मामले में त्वरित कार्रवाई की गई और पीड़िता से लिए गए सोने के आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल एवं सीएसपी मंदसौर जितेन्द्र भास्कर के मार्गदर्शन तथा वायडी नगर थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post