बेगूं में पुलिस की नाकाबंदी देख भागे तस्कर, क्रेटा छोड़कर फरार; 311.950 किलो डोडाचूरा बरामद
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बेगूं थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अफीम डोडाचूरा बरामद किया है। टीम ने 311 किलो 950 ग्राम अफीम डोडाचूरा से भरी क्रेटा कार जब्त की है। कार्रवाई के दौरान कार चालक और उसका साथी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपालसिंह एवं वृत्ताधिकारी बेगूं अंकित कुड़ी के सुपरविजन में 29 अगस्त की रात बेगूं थाना पुलिस और डीएसटी टीम एनएच-27 पर सरहद सुरतपुरा में नाकाबंदी कर रही थी।
इसी दौरान टीम को एक संदिग्ध क्रेटा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रुकवाने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन को भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने स्टॉप स्टिक लगाकर कार को रोक लिया। इसके बाद चालक और उसका साथी पुलिस को देखकर कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस टीम ने क्रेटा कार की तलाशी ली तो उसमें 311 किलो 950 ग्राम अफीम डोडाचूरा भरा मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ सहित कार को जब्त कर लिया। मामले में बेगूं थाने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। फरार आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश को लेकर पुलिस जांच कर रही है
कार्रवाई में शामिल टीम:
बेगूं थाना पुलिस से थानाधिकारी चम्पाराम, हैडकांस्टेबल भगवान लाल, कांस्टेबल रमेश, कमलेश, मनोहर और रतनसिंह शामिल रहे। वहीं डीएसटी टीम में एएसआई अजयपाल, रणवीर सिंह तथा कांस्टेबल बहादुर सिंह, छोटू सिंह, नारायण और महेश शामिल रहे।
DS7NEWS NETWORK
Tags
Breaking News