रक्षाबंधन की आड़ में राजनीतिक कार्यक्रम का आरोप, जाड़ावत ने आचार संहिता उल्लंघन की जांच मांगी
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने यूआईटी के रिठोला पेरीफेरी क्षेत्र में आयोजित मातृ शक्ति कार्यक्रम को लेकर भाजपा जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जाड़ावत ने आरोप लगाया कि रक्षाबंधन के अवसर की आड़ में आयोजित यह कार्यक्रम निर्वाचन आचार संहिता के विपरीत है।
जाड़ावत ने कहा कि वर्तमान में निर्वाचन प्रक्रिया जारी होने के दौरान राजनीतिक दलों या उनके जनप्रतिनिधियों की ओर से ऐसे कार्यक्रम आयोजित करना, जिनमें राजनीतिक गतिविधि अथवा प्रचार की संभावना हो, आचार संहिता की भावना के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व को राजनीतिक गतिविधियों से जोड़ना उचित नहीं है।
पूर्व राज्यमंत्री ने प्रशासन और निर्वाचन अधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए कार्यक्रम की निष्पक्ष जांच कराने तथा नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों के लिए निर्वाचन आचार संहिता का पालन समान रूप से अनिवार्य है। प्रशासन को किसी भी संभावित उल्लंघन पर निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता कायम रहे।
जाड़ावत ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और रक्षाबंधन सामाजिक एवं सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण अवसर हैं। ऐसे आयोजनों का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
Tags
Breaking News