स्कॉर्पियो से 324 किलो 420 ग्राम डोडा चूरा और 1.920 किलो अफीम बरामद, 12 बोर-पिस्टल के कारतूस व 8 नंबर प्लेटें भी मिलीं
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 30 अगस्त 2026। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत भैंसरोड़गढ़ थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध स्कॉर्पियो से 324 किलो 420 ग्राम अवैध डोडा चूरा, 1 किलो 920 ग्राम अवैध अफीम, 12 बोर के 8 जिंदा कारतूस, पिस्टल के 4 जिंदा कारतूस तथा 8 अलग-अलग नंबर प्लेटें बरामद की हैं। पुलिस ने मादक पदार्थ, कारतूस एवं नंबर प्लेटों सहित संदिग्ध स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज उदयपुर गौरव श्रीवास्तव द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा गोपाल सिंह कानावत आरपीएस एवं पुलिस उप अधीक्षक रावतभाटा शंकर लाल मीणा के सुपरविजन में थानाधिकारी कमलचंद मीणा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।
28 अगस्त 2026 को श्रीपुरा से आगे पुलिया पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस जाप्ते ने एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया। स्कॉर्पियो चालक पुलिस जाप्ते को देखकर वाहन को वापस धांगड़मऊ की तरफ मोड़कर तेज गति से भगाने लगा। पुलिस जाप्ते ने स्कॉर्पियो का पीछा करते हुए धांगड़मऊ चौकी के जाप्ते को सूचना दी।
सूचना पर चौकी का जाप्ता सरकारी बोलेरो वाहन से धांगड़मऊ की तरफ से श्रीपुरा की ओर रवाना हुआ। सामने से आती स्कॉर्पियो को रुकवाने का प्रयास करने पर चालक ने सरकारी बोलेरो वाहन को टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इसके बाद स्कॉर्पियो चालक एवं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग गए।
पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें 324 किलो 420 ग्राम अवैध डोडा चूरा, 1 किलो 920 ग्राम अवैध अफीम, 12 बोर के 8 जिंदा कारतूस, पिस्टल के 4 जिंदा कारतूस तथा 8 अलग-अलग नंबरों की नंबर प्लेटें मिलीं। पुलिस ने इन्हें स्कॉर्पियो सहित जब्त कर लिया।
इस मामले में थाना भैंसरोड़गढ़ पर एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट एवं पीडीपीपी एक्ट की धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
पुलिस टीम थाना भैंसरोड़गढ़: थानाधिकारी कमलचंद मीणा, कांस्टेबल धर्मेंद्र, भागीरथ, लक्ष्मण, ब्रजराज एवं सोनूराम।
Tags
Breaking News