उदयपुर चचेरे भाई ने 1.50 लाख रुपए में बहन को बेचाअहमदाबाद ले जाकर किया सौदा, खरीदने वाले ने 5 दिन तक बंधक बनाकर किया रेप

अहमदाबाद में डेढ़ लाख रुपए में शादीशुदा युवती को बेचने का आरोप, 5 दिन कमरे में बंधक बनाकर दुष्कर्म
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। जिले के एक ग्रामीण थाना क्षेत्र में शादीशुदा युवती को बहला-फुसलाकर अहमदाबाद ले जाकर डेढ़ लाख रुपए में बेचने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती को उसके ही चचेरे भाई ने अहमदाबाद ले जाकर एक फैक्ट्री में काम करने वाले युवक को 1.50 लाख रुपए में बेच दिया। इसके बाद आरोपी चचेरा भाई रुपए लेकर गांव लौट आया।

पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री में काम करने वाले युवक ने युवती को अपने कमरे में करीब पांच दिन तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने का आरोप है। युवती को धमकी दी गई कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया या पुलिस में शिकायत की तो उसे जान से मार दिया जाएगा।

बताया गया कि 19 अगस्त को युवती का चचेरा भाई उसे अहमदाबाद लेकर गया था। वहां उसे कथित तौर पर 1.50 लाख रुपए में दूसरे युवक को सौंप दिया। पांच दिन तक बंधक रहने के बाद युवती 25 अगस्त को किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर वापस अपने गांव पहुंची।

गांव पहुंचने के बाद डरी-सहमी युवती ने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों ने 26 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया।

थानाधिकारी गोपाल सिंह मीणा ने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज करने के लिए उसे आज बुलाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post