रक्षाबंधन पर उदयपुर पुलिस की अनूठी पहल: महिला पुलिसकर्मियों ने आमजन से बंधवाई राखी, एसपी ने बच्चों संग मनाया पर्व
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उदयपुर पुलिस ने पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, आत्मीयता और भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने के लिए अनूठी पहल की। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर शहर के सूरजपोल, हाथीपोल, कोर्ट चौराहा, दिल्ली गेट और चेतक सर्कल सहित पांच प्रमुख स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों में महिला पुलिसकर्मियों ने आमजन से राखी बंधवाई और सुरक्षा, सहयोग तथा सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। पहल के जरिए पुलिस ने यह संदेश भी दिया कि कानून-व्यवस्था के साथ आमजन के साथ आत्मीय जुड़ाव और विश्वास भी पुलिसिंग का अहम हिस्सा है।
कोर्ट चौराहे पर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बच्चों के साथ मनाया रक्षाबंधन
रक्षाबंधन कार्यक्रम का खास नजारा कोर्ट चौराहे पर देखने को मिला, जहां जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन स्वयं पहुंचीं। यहां स्कूली बच्चों ने एसपी को राखी बांधी। एसपी ने बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात की और उनसे बातचीत भी की। इस दौरान बच्चों के साथ फोटो भी खिंचवाए।
एसपी और स्कूली बच्चों के बीच नजर आया यह अपनापन रक्षाबंधन के पर्व को खास बना गया। कार्यक्रम ने पुलिस और आमजन, खासकर बच्चों के बीच भरोसे और आत्मीयता का संदेश दिया।
राखी के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश
कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने आमजन को यातायात नियमों का पालन करने, नशे से दूर रहने तथा कानून एवं नियमों का सम्मान करने का संदेश दिया। रक्षाबंधन के पर्व को पुलिस ने केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित न रखते हुए सुरक्षित और जिम्मेदार समाज के संकल्प से भी जोड़ा।
उदयपुर पुलिस की इस पहल में सुरक्षा के साथ संवेदनशीलता और आमजन के साथ संवाद को प्राथमिकता देने का संदेश देखने को मिला।
Tags
Breaking News