राजस्थान में दो चरणों में होंगे नगर निकाय चुनाव, 9 और 11 सितंबर को मतदान; 14 सितंबर को मतगणना
डीएस सेवन न्यूज जयपुर। राजस्थान में नगर निकाय चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रदेश में नगर निकाय चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को होगा, जबकि 14 सितंबर को मतगणना की जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। आचार संहिता पूरे जिले में नहीं, बल्कि जिन क्षेत्रों में नगर निकाय चुनाव होंगे, उन्हीं संबंधित क्षेत्रों में प्रभावी रहेगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार 27 अगस्त से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।
वन स्टेट, वन इलेक्शन के तहत होने वाले इन चुनावों में प्रदेश की 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 252 नगर पालिकाओं सहित कुल 309 निकायों के 10,245 वार्डों में चुनाव होंगे। मतदान के लिए प्रदेशभर में 16,465 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
इन चुनावों में कुल 1 करोड़ 44 लाख 3 हजार 853 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। नगर निगम जयपुर में सबसे अधिक 24.20 लाख मतदाता हैं, जबकि सबसे कम मतदाता इंद्रगढ़ नगर पालिका में 4,744 हैं।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राज्य में नगरीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है।
Tags
Breaking News