चंडीगढ़ फार्मेसी ऑफिसर परीक्षा विवाद।ABVP ने शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री के घर को घेरने की कोशिश

फार्मेसी ऑफिसर परीक्षा विवाद: एबीवीपी ने शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
डीएस सेवन न्यूज चंडीगढ़। पंजाब में फार्मेसी ऑफिसर परीक्षा को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। सरकार जहां इसे हाईटेक चीटिंग का मामला बता रही है, वहीं छात्र और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) इसे पेपर लीक का मामला बताते हुए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

शनिवार को चंडीगढ़ में एबीवीपी कार्यकर्ता और छात्र बड़ी संख्या में एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग करते हुए उनके आवास के घेराव का ऐलान किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे तथा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार के कार्यकाल में कई भर्ती परीक्षाएं विवादों में रही हैं। उनका कहना है कि फार्मेसी ऑफिसर परीक्षा समेत अन्य परीक्षाओं में भी पेपर लीक के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्र से बाहर पहुंच जाता है तो उसे पेपर लीक ही माना जाना चाहिए।

एबीवीपी ने मांग की कि शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें और छात्रों को न्याय दिलाने के लिए ठोस कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता शिक्षा मंत्री के आवास की ओर बढ़ने का प्रयास करने लगे, लेकिन सेक्टर-2 क्षेत्र में चंडीगढ़ पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स पर भी चढ़ गए, जिसके चलते मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

दूसरी ओर, पंजाब सरकार अपने रुख पर कायम है। सरकार का कहना है कि फार्मेसी ऑफिसर परीक्षा में पेपर लीक नहीं हुआ, बल्कि यह हाईटेक चीटिंग का मामला है। वहीं विपक्ष और एबीवीपी लगातार इसे पेपर लीक बताते हुए सरकार पर सवाल उठा रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post