शिवगढ़ कानपुरा में 7 दिन पहले बनी पुलिया टूटी, मरम्मत की जगह डाली जा रही मिट्टी! 27 लाख की सड़क निर्माण पर उठे गंभीर सवाल
डीएस सेवन न्यूज निंबाहेड़ा। चित्तौड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा क्षेत्र की भगवानपुरा ग्राम पंचायत के गांव शिवगढ़ कानपुरा में निर्माणाधीन सड़क को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब 700 मीटर लंबी सड़क, जिसकी लागत लगभग 23.लाख रुपये बताई जा रही है, उसका निर्माण कार्य चार महीने पहले शुरू हुआ था। बीच में किसी कारणवश कार्य रुक गया था और करीब आठ दिन पहले ही दोबारा शुरू किया गया।
निर्माण कार्य के दौरान बनाई गई एक छोटी पुलिया महज सात दिन बाद ही टूट गई। पुलिया किस कारण से टूटी, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि ग्रामीण निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही DS7NEWS NETWORK की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौके पर टूटी हुई पुलिया का निरीक्षण किया, जिसकी फोटो और वीडियो भी हमारे पास उपलब्ध हैं।
मौके पर जब ठेकेदार के कर्मचारियों से पुलिया टूटने का कारण पूछा गया तो उन्होंने बताया कि कार्य के दौरान मशीन चलने से पुलिया का एक हिस्सा टूट गया। हालांकि यदि निर्माण के महज सात दिन बाद ही मशीन के कार्य से पुलिया क्षतिग्रस्त हो जाती है, तो निर्माण में उपयोग की गई सामग्री और उसकी मजबूती पर भी सवाल खड़े होना स्वाभाविक हैं।
यदि पुलिया घटिया निर्माण के कारण टूटी है तो संबंधित विभाग को इसकी जांच कराकर दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराना चाहिए। वहीं यदि किसी मशीन या अन्य कारण से पुलिया क्षतिग्रस्त हुई है, तब भी संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल संज्ञान लेकर उसकी उचित मरम्मत करानी चाहिए।
लेकिन मौके पर देखने में यह सामने आया कि पुलिया की तकनीकी मरम्मत करने के बजाय उस पर मिट्टी डालकर काम आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। ऐसे में ग्रामीणों का कहना है कि जब सात दिन पहले बनी पुलिया ही टूट गई और उसकी मरम्मत के बजाय मिट्टी डालकर काम किया जा रहा है, तो निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठना लाज़िमी है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग और ठेकेदार इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।
Tags
Breaking News