चित्तौड़गढ़ में निकाय चुनाव से पहले पुलिस का फ्लैग मार्च, संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर दिया सुरक्षा का संदेश
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 29 आगामी निकाय चुनाव-2026 को शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए चित्तौड़गढ़ शहर में शनिवार को पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च का नेतृत्व डीवाईएसपी बृजेश सिंह ने किया।
फ्लैग मार्च के दौरान डीवाईएसपी रविन्द्र प्रताप सिंह, कोतवाली थानाधिकारी रजनीश, सदर थानाधिकारी प्रेम सिंह और चंदेरिया थानाधिकारी भारत सिंह सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। थाना चंदेरिया, कोतवाली, सदर एवं पुलिस लाइन का पुलिस जाप्ता भी फ्लैग मार्च में शामिल रहा।
पुलिस बल ने शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च किया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए शांतिपूर्ण माहौल में मतदान करने का संदेश दिया।
पुलिस के अनुसार निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन से निर्भीक होकर मतदान करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। माहौल बिगाड़ने या चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।