पूर्व डिप्टी मेयर महेंद्र सिंह शेखावत समेत 8 ने दाखिल किए पर्चे, कांग्रेस के प्रेमलता पालीवाल और तुलसीराम लौहार भी मैदान में
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। नगर निगम चुनाव के नामांकन के दूसरे दिन शनिवार को कलेक्ट्रेट में प्रत्याशियों और समर्थकों की आवाजाही से राजनीतिक हलचल तेज रही। भाजपा और कांग्रेस की ओर से अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी होने से पहले ही कई दावेदारों ने अपने नामांकन दाखिल कर दिए। इसी दौरान भाजपा कार्यालय के बाहर वार्ड 3 से संभावित प्रत्याशी के नाम को लेकर कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया और नारेबाजी की।
पटेल सर्किल स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर जुटे कार्यकर्ताओं ने वार्ड 3 से किसी बाहरी व्यक्ति को टिकट दिए जाने का विरोध किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि पार्टी को वार्ड के स्थानीय और लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे कार्यकर्ता को ही प्रत्याशी बनाना चाहिए। उनका कहना था कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, मतदाताओं से संपर्क बनाए रखने और पार्टी के लिए लगातार सक्रिय रहने वाले स्थानीय कार्यकर्ताओं की टिकट वितरण में अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह और प्रमोद सामर के सामने भी अपनी बात रखी। सूत्रों के अनुसार गिरीश श्रीमाली का नाम वार्ड 3 के संभावित प्रत्याशी के तौर पर सामने आने के बाद यह नाराजगी सामने आई। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी जिसे भी टिकट दे, लेकिन वार्ड 3 से प्रत्याशी क्षेत्र का स्थानीय निवासी और वार्ड से जुड़ा हुआ होना चाहिए।
पूर्व डिप्टी मेयर समेत 8 ने दाखिल किए नामांकन
नामांकन के दूसरे दिन भाजपा नेता एवं पूर्व डिप्टी मेयर महेंद्र सिंह शेखावत ने वार्ड 75 से नामांकन दाखिल किया। भाजपा की ओर से वार्ड 33 में जतिन श्रीमाली, वार्ड 47 में लता नायक और वार्ड 44 में आशीष कोठारी ने भी पर्चे भरे।
कांग्रेस से वार्ड 60 में प्रेमलता पालीवाल और वार्ड 75 में तुलसीराम लौहार ने नामांकन दाखिल किया। वहीं माकपा की ओर से वार्ड 32 में राजेश वसीठा और वार्ड 31 में मुस्कान राही ने नामांकन पत्र जमा किया।
नामांकन प्रक्रिया सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक चली। भाजपा के सभी प्रत्याशी सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगे। देवारी मंडल अध्यक्ष प्रताप सिंह राठौड़ ने वार्ड 80 से नामांकन पत्र लिया, जबकि भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कविता जोशी ने भी नामांकन पत्र लिया।
कलेक्ट्रेट के बाहर सुरक्षा व्यवस्था सख्त
नामांकन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात रहा। प्रत्याशियों के साथ पहुंचे समर्थकों को कलेक्ट्रेट के बाहर ही रोक दिया गया। कोर्ट चौराहा और देहलीगेट से कलेक्ट्रेट की ओर आने वाले मार्गों पर वन-वे व्यवस्था लागू की गई और बैरिकेडिंग की गई।
नगर निगम चुनाव के नामांकन के साथ ही राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। अधिकृत प्रत्याशियों की सूची सामने आने के बाद टिकट को लेकर चल रही दावेदारों की स्थिति और तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
DS7NEWS NETWORK | उदयपुर
Tags
Breaking News