2 करोड़ की रिश्वत का ट्रैप: SOG के ASP का कथित दलाल गिरफ्तार, ACB ने ASP मुकेश कुमार सोनी को भी हिरासत में लिया
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की उदयपुर स्पेशल यूनिट ने 2 करोड़ रुपये की रिश्वत से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने SOG के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सोनी के कथित दलाल सज्जन सिंह जैन उर्फ ‘टाटला’ को रिश्वत की रकम लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद ACB टीम ने ASP मुकेश कुमार सोनी को बालोतरा स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया।
ACB के अनुसार, 272 भूखंडों से जुड़े मामले में आरोपियों को राहत दिलाने, अन्य मामलों में आरोपी नहीं बनाने और जब्त दस्तावेज वापस लौटाने के एवज में 2 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ACB ने ट्रैप की कार्रवाई की।
ट्रैप के दौरान परिवादी से 2 करोड़ रुपये की रकम ली गई। इसमें 4 लाख रुपये के असली नोट और 1.96 करोड़ रुपये के डमी नोट शामिल थे। रकम लेते ही ACB टीम ने सज्जन सिंह जैन उर्फ ‘टाटला’ को पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद ACB ने SOG के ASP मुकेश कुमार सोनी को भी बालोतरा स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया। दोनों से मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है।
ACB के मुताबिक, पूरी कार्रवाई DIG डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देशन, ASP गोपाल स्वरूप मेवाड़ा के मार्गदर्शन तथा डिप्टी डॉ. सोनू शेखावत के नेतृत्व में की गई।
क्या है 272 भूखंडों का मामला?
उदयपुर नगर निगम से जुड़े 272 भूखंडों के कथित गबन का मामला लंबे समय से जांच के दायरे में है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेज और रसीदों के माध्यम से कई भूखंडों को अपने या अन्य लोगों के नाम करवाने के बाद उन्हें बेच दिया गया। इस मामले में SOG की ओर से पहले भी कई गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं और जांच जारी है।
ACB की कार्रवाई के बाद अब 2 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत, 272 भूखंड मामले और SOG के ASP की भूमिका को लेकर जांच आगे बढ़ रही है।
Tags
Breaking News