चित्तौड़गढ़ सांवरिया सेठ के दरबार में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, 21 से 23 सितंबर तक तीन दिवसीय भव्य मेला

सांवरिया सेठ के दरबार में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, 21 से 23 सितंबर तक तीन दिवसीय भव्य मेला
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ | मण्डफिया। मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी में जलझूलनी एकादशी के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का बड़ा आयोजन होने जा रहा है। मण्डफिया में 21 से 23 सितंबर तक तीन दिवसीय भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले के दौरान भगवान सांवरिया सेठ की विशाल शोभायात्रा, जलझूलनी एकादशी पर रथयात्रा, भजन संध्याएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी दिनेश धाकड़ के अनुसार, मेले को लेकर धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की व्यापक तैयारियां की गई हैं। तीन दिनों तक मण्डफिया नगरी में भक्ति संगीत और धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहेगा।

21 सितंबर को निकलेगी विशाल शोभायात्रा

मेले की शुरुआत सोमवार, 21 सितंबर को होगी। दोपहर 2 बजे श्री सांवलियाजी मंदिर परिसर से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

रात्रि में मेला ग्राउंड के अलग-अलग मंचों पर भजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। मीरा रंगमंच पर रात 9 बजे नितीन बागवान और कृतिका मालविया भजन संध्या प्रस्तुत करेंगे, जबकि रात 1 बजे जय श्री राधे फोक ग्रुप की प्रस्तुति होगी।

गोवर्धन रंगमंच पर रात 9 बजे नेहा-शिल्पी सोनी एवं सनी अलबेला भजन, कॉमेडी, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। रात 1 बजे चिराग राजस्थनी डांस ग्रुप कार्यक्रम प्रस्तुत करेगा।

कवियों की महफिल भी सजाएगी रात

मेले के पहले दिन रात 9 बजे मण्डफिया बाईपास स्थित उप जिला चिकित्सालय/रेफरल चिकित्सालय के पास अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन आयोजित होगा।

कवि सम्मेलन में शैलेश लोढ़ा, संजय झाला, भुवन मोहिनी, दीपक पारीक, शम्भु शिखर, राम भदावर, मोनिका हटिला, लक्ष्मण नेपाली, लक्की जारोलिया, हीरामनी वैष्णव, चेतन चर्चित, शशिकांत यादव और जानी बैरागी सहित कई कवि अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

22 सितंबर को जलझूलनी एकादशी पर रथयात्रा

मेले का सबसे बड़ा धार्मिक आकर्षण मंगलवार, 22 सितंबर को जलझूलनी एकादशी के अवसर पर देखने को मिलेगा। दोपहर 12 बजे श्री सांवलियाजी मंदिर से सांवरिया सरोवर तक भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

इसी दिन रात को मण्डफिया बाईपास स्टेज पर बी. प्राक मय दल की भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। मेला ग्राउंड के गोवर्धन रंगमंच पर सवाई भाट की प्रस्तुति होगी, जबकि रात 1 बजे मोनिका भदौरिया, वॉयस ऑफ इंडिया दिव्यांश वर्मा एवं आईजीटी ग्रुप कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।

मीरा रंगमंच पर रात 9 बजे प्रकाश माली मय दल की प्रस्तुति और रात 1 बजे आशा वैष्णव की भजन संध्या आयोजित होगी।

23 सितंबर को कार्यक्रमों के साथ होगा समापन

तीन दिवसीय मेले का समापन बुधवार, 23 सितंबर को होगा। अंतिम दिन रात 9 बजे मेला ग्राउंड के मीरा रंगमंच पर छोटू सिंह रावणा की भजन संध्या एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति आयोजित की जाएगी।

तीन दिन मण्डफिया में रहेगा धार्मिक उल्लास

जलझूलनी एकादशी के इस आयोजन के चलते श्री सांवलियाजी धाम में तीन दिनों तक श्रद्धालुओं की विशेष चहल-पहल देखने को मिलेगी। भगवान सांवरिया सेठ के दर्शन के साथ शोभायात्रा, रथयात्रा, भजन संध्याएं, कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले को धार्मिक आस्था के साथ मनोरंजन और सांस्कृतिक रंग भी देंगे।

21 से 23 सितंबर तक मण्डफिया में होने वाला यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, आस्था और उत्सव का खास संगम बनने जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post