महादेव मंदिर में तोड़फोड़ के बाद उबाल, देहलीगेट पर सर्व समाज का प्रदर्शन; बाजार बंद करवाए
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। इंद्रानगर बीड़ा क्षेत्र स्थित महादेव मंदिर में दो दिन पहले शिवलिंग खंडित करने और मंदिर में तोड़फोड़ की घटना के बाद सर्व समाज का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शनिवार को बड़ी संख्या में लोगों ने देहलीगेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बाजार की दुकानों को भी बंद करवाया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने घटना को लेकर कड़ी नाराजगी जताते हुए आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई करने की मांग रखी। इसके साथ ही मंदिर का पुनर्निर्माण करवाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग भी की गई।
प्रदर्शन के दौरान मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, वहीं किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात है।
इधर, घटना के संबंध में सूरजपोल थाना पुलिस ने शुक्रवार को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद घटना को लेकर सर्व समाज में नाराजगी बनी हुई है और लोग मंदिर की सुरक्षा तथा क्षतिग्रस्त मंदिर के पुनर्निर्माण सहित अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
Tags
Breaking News