चित्तौड़गढ़ नशा तस्करी पर कनेरा पुलिस का बड़ा प्रहार, 62 लाख की संपत्ति फ्रीज

नशा तस्करी पर कनेरा पुलिस का बड़ा प्रहार, 62 लाख की संपत्ति फ्रीज

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 25 सितंबर। कनेरा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 62 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति फ्रीज करवाई है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत की गई।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत तस्करी से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

कनेरा थाना पुलिस ने जांच के दौरान भीमाराज पुत्र गोमा जी बंजारा, निवासी रूपाजी की ढाणी, गुंदरेल, थाना कनेरा की संपत्ति को कार्रवाई के दायरे में लिया। आरोपी के खिलाफ बस्सी थाना, चित्तौड़गढ़ और देवगढ़ थाना, राजसमंद में एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपी से संबंधित दो मकान ग्राम गुंदरेल में चारागाह भूमि पर कब्जा कर बनाए गए हैं। मादक पदार्थ संबंधी मामलों की जांच के दौरान इन संपत्तियों को अवैध रूप से अर्जित संपत्ति के रूप में चिन्हित किया गया। इसके बाद पुलिस ने संबंधित दस्तावेज और जांच रिपोर्ट के आधार पर सक्षम प्राधिकारी के समक्ष संपत्ति फ्रीज करने का प्रस्ताव भेजा।

SAFEM(FOP)A & NDPS Act, दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी के समक्ष हुई सुनवाई के बाद संपत्ति के फ्रीजिंग का स्थायी अनुमोदन आदेश जारी किया गया। आदेश की पालना में कनेरा पुलिस ने संबंधित दोनों मकानों को फ्रीज कर दिया। फ्रीज की गई संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 62 लाख रुपए बताई गई है।

कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय गजेन्द्र सिंह जोधा एवं पुलिस उप अधीक्षक वृत्त निम्बाहेड़ा शिवप्रकाश के सुपरविजन में की गई। कार्रवाई में कनेरा थानाधिकारी महेन्द्र सिंह, कांस्टेबल रणजीत, सुरेश और रामनिवास शामिल रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post