अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का बड़ा अभियान, 2.67 लाख लीटर वॉश नष्ट; 309 गिरफ्ता

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का बड़ा अभियान, 2.67 लाख लीटर वॉश नष्ट; 309 गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर, । प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग का विशेष निरोधात्मक अभियान लगातार जारी है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेशभर में नाकाबंदी, सघन गश्त और दबिश के जरिए अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के तहत 23 सितंबर 2026 तक 817 अभियोग दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग स्थानों से बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई।

2.67 लाख लीटर से ज्यादा वॉश नष्ट
आबकारी विभाग की कार्रवाई में अब तक 2 लाख 67 हजार 266 लीटर वॉश नष्ट किया जा चुका है। इसके अलावा 7403 लीटर हथकड़ शराब और 350 लीटर स्प्रिट भी जब्त की गई।

विभाग के अनुसार कार्रवाई में 2102 लीटर देशी मदिरा, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 72 हजार 310 रुपए, तथा 10,126 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 1 लाख 27 हजार 990 रुपए है, जब्त की गई। इसके साथ ही 674 लीटर बीयर भी जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 41 हजार 608 रुपए बताई गई है।

31 वाहन जब्त, 309 लोग गिरफ्तार
अवैध मदिरा के कारोबार में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों पर भी विभाग ने कार्रवाई की। अभियान के दौरान 1 बड़े वाहन, 7 चार पहिया वाहन और 23 दुपहिया वाहनों सहित कुल 31 वाहन जब्त किए गए हैं। वहीं अवैध मदिरा से जुड़े मामलों में 309 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

कई जिलों में दबिश, भट्टियां भी नष्ट

अभियान के तहत अलग-अलग जिलों में आबकारी टीमों ने दबिश देकर अवैध मदिरा बरामद की। पाली में टीम ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी मदिरा, देशी मदिरा और बीयर जब्त की।

श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर में दबिश देकर 4 हजार लीटर वॉश नष्ट किया गया। सूरतगढ़ में कार्रवाई के दौरान 20 लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई।
हनुमानगढ़ में आबकारी टीम ने कार्रवाई करते हुए 500 लीटर वॉश और 2 भट्टियां नष्ट कीं। मौके से 8 लीटर हथकड़ मदिरा, 53 देशी मदिरा के पव्वे और 10 बीयर की बोतलें जब्त की गईं। इस कार्रवाई में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

आबकारी विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में अभियान के तहत नाकाबंदी, गश्त और दबिश की कार्रवाई जारी है। विभाग के अधिकारियों और आबकारी निरोधक दलों को अवैध मदिरा के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post