ग्रेनाइट की स्लैब के बीच शराब का ‘गुप्त रास्ता’, ट्रक में मिले 8 चेंबर; तस्करी की बड़ी खेप पकड़ी, एक आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर/खेरवाड़ा, । आबकारी विभाग ने विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत खेरवाड़ा में नेशनल हाईवे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब से भरे ट्रक को पकड़ा। तस्करों ने पुलिस और आबकारी टीम की नजर से बचने के लिए ट्रक में ग्रेनाइट की स्लैब के बीच 8 गुप्त चेंबर तैयार कर रखे थे। इन्हीं छिपे हुए चेंबरों से बड़ी मात्रा में अलग-अलग ब्रांड की शराब और बीयर बरामद की गई।आबकारी निरोधक दल उदयपुर एवं खेरवाड़ा को प्रहराधिकारी करणी सिंह को मिली सूचना के आधार पर गुरुवार रात नेशनल हाईवे पर ग्रेनाइट स्लैब से लदे टाटा ट्रक को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान ट्रक की बनावट संदिग्ध लगी। सघन तलाशी लेने पर ग्रेनाइट के बीच बनाए गए 8 गुप्त चेंबर सामने आए।
इन चेंबरों से फोर सेल इन चंडीगढ़ पार्टी स्पेशल व्हिस्की की 240 बोतल, ब्लू स्टॉक व्हिस्की के 48 पव्वे, रॉयल चैलेंज व्हिस्की की 48 बोतल, 8 पीएम व्हिस्की के 288 पव्वे और किंगफिशर बीयर के 360 केन बरामद किए गए। पूछताछ में शराब को गुजरात ले जाने की बात सामने आई।
कार्रवाई के दौरान केकड़ी निवासी सुरेश बैरवा को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
अभियान में 939 प्रकरण, 365 गिरफ्तार
आबकारी विभाग के अनुसार प्रदेशभर में 14 से 30 सितंबर तक विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 24 सितंबर तक 939 अभियोग दर्ज कर 365 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
कार्रवाई में प्रदेशभर से देशी मदिरा, भारत निर्मित विदेशी शराब, बीयर, हथकड़ शराब और स्प्रिट जब्त की गई। इसके अलावा 2 लाख 85 हजार 232 लीटर वॉश नष्ट की गई तथा अवैध शराब से जुड़े 34 वाहन जब्त किए गए।
इनमें एक बड़ा वाहन, 7 चार पहिया और 26 दुपहिया वाहन शामिल हैं।
कई जिलों में लगातार कार्रवाई
अभियान के दौरान चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा और डूंगला में 250 लीटर वॉश नष्ट कर 15 बोतल हथकड़ शराब जब्त की गई। बूंदी में 1100 लीटर वॉश और दो शराब भट्टियां नष्ट की गईं। ब्यावर में हथकड़ शराब, जबकि जैसलमेर के पोकरण में बीयर और देशी शराब जब्त कर कार्रवाई की गई। सिरोही, रेवदर और आबूरोड़ में भी अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग की ओर से प्रदेश के विभिन्न जिलों में नाकाबंदी, गश्त और दबिश के जरिए अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर कार्रवाई जारी है।