फर्जी मतदान वोटिंग के दौरान बड़ा सवाल: असली मतदाताओं के वोट पहले ही कास्ट, वार्ड 34 के बूथ लोगो में आक्रोश

दौसा में फर्जी मतदान की शिकायत, असली मतदाताओं से कहा- आपका वोट पहले ही डल चुका है
                             Ai photo 

डीएस सेवन न्यूज दौसा। नगर निकाय चुनाव 2026 के द्वितीय चरण में मतदान के दौरान दौसा में फर्जी मतदान की शिकायत सामने आई है। वार्ड नंबर 34 के पीजी कॉलेज परिसर स्थित हॉस्टल बूथ पर कई मतदाताओं ने आरोप लगाया कि मतदान केंद्र पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि उनका वोट पहले ही कास्ट हो चुका है।

मतदाताओं के अनुसार, उन्होंने अभी तक मतदान नहीं किया था, इसके बावजूद रिकॉर्ड में उनका वोट डाला जा चुका बताया गया। इसके चलते करीब आधा दर्जन वास्तविक मतदाता मतदान के लिए भटकते नजर आए।

रिपोर्ट के अनुसार, इसी बूथ पर करीब एक दर्जन संदिग्ध फर्जी मतदाताओं के पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। मामले की सूचना मिलने के बाद एडीएम लालस मनमोहन मीणा भी बूथ पर पहुंचे। जिन वास्तविक मतदाताओं का वोट पहले ही कास्ट बताया गया, उनके लिए टेंडर वोट की प्रक्रिया कराई जा रही है।

इस पूरे मामले ने मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता और बूथ के अंदर फर्जी मतदाता के पहुंचने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि जब वास्तविक मतदाता ने मतदान नहीं किया, तो उसके नाम पर वोट किसने कास्ट किया?

वहीं, दौसा में इससे पहले भी फर्जी मतदान को लेकर हंगामे का मामला सामने आ चुका है। वार्ड नंबर 53 के सेल टैक्स ऑफिस स्थित मतदान केंद्र पर फर्जी वोटिंग की शिकायत को लेकर विवाद हुआ था। मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति को शांत कराया गया था।

लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच मतदान प्रक्रिया के दौरान पुलिस और प्रशासन के सामने बूथों पर निगरानी और सतर्कता बनाए रखने की चुनौती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post