राजस्थान पंचायत चुनाव में उप सरपंच चुनाव का टाइम-टेबल जारी! जानिए पूरा शेड्यूल

राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: उपसरपंच चुनाव का कार्यक्रम जारी, चार चरणों में होगा निर्वाचन, जानिए नामांकन से नतीजों तक का पूरा टाइम-टेबल
डीएस सेवन न्यूज जयपुर। राजस्थान में पंचायती राज आम चुनाव 2026 के बीच उपसरपंच पद के निर्वाचन को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने उपसरपंच चुनाव के लिए समय-सारणी जारी कर दी है। प्रदेश में चार चरणों में होने वाले पंचायत चुनावों के तहत उपसरपंच निर्वाचन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी। आयोग ने इस संबंध में सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

चार चरणों में होंगे सरपंच चुनाव

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश में सरपंच पद के चुनाव चार चरणों में आयोजित किए जाएंगे।

- प्रथम चरण: 25 अक्टूबर 2026
- द्वितीय चरण: 31 अक्टूबर 2026
- तृतीय चरण: 6 नवंबर 2026
- चतुर्थ चरण: 17 नवंबर 2026

इन चरणों के तहत उपसरपंच निर्वाचन के लिए भी आयोग ने समय निर्धारित किया है।
सुबह 10 बजे बैठक, दोपहर 1 बजे तक मतदान

उपसरपंच चुनाव की प्रक्रिया सुबह 9 बजे से पहले बैठक का नोटिस जारी करने के साथ शुरू होगी। सुबह 10 बजे बैठक प्रारंभ होगी, जिसके बाद सुबह 11 बजे तक उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे।

नामांकन पत्रों की जांच सुबह 11:30 बजे तक पूरी की जाएगी। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक नाम वापसी, उम्मीदवारों की सूची तैयार करने और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया संपन्न होगी।

यदि उपसरपंच पद के लिए मतदान की आवश्यकता पड़ती है, तो दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

एक ही दिन में पूरी होगी उपसरपंच चुनाव की प्रक्रिया

राज्य निर्वाचन आयोग ने राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 65 और 66 के तहत चुनाव कार्यक्रम निर्धारित किया है।

आयोग ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उपसरपंच पद का निर्वाचन निर्धारित तिथि और समय-सारणी के अनुसार ही संपन्न कराया जाए। ऐसे में नामांकन से लेकर चुनाव परिणाम तक की पूरी प्रक्रिया एक ही दिन में पूरी होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post